महिला पर बीयर गिरने को लेकर विवाद के बाद पिटाई से युवक की मौत, पाँच गिरफ्तार

10 अक्टूबर को दिल्ली के एक नाइट क्लब में बार संचालक की पत्नी पर बियर (तरल पदार्थ) गिरने के बाद विवाद हो गया। विवाद के बीच बाउंसर द्वारा कथित पिटाई से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित क्लब के प्रबंधक व उनकी पत्नी सहित पाँच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें तीन बाउंसर भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना दस अक्टूबर देर रात सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित 'टोर हाउस' नाइट क्लब में हुई। युवक की पहचान रघुवीर नगर निवासी दलजीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दलजीत अपने पाँच-छह दोस्तों के साथ पार्टी करने नाइटक्लब गया था, तभी प्रबंधक की पत्नी पर कुछ तरल पदार्थ गिर गया, इसके बाद बहस शुरू हो गई। और बाउंसरों को बुलाया गया और दलजीत को कथित तौर पर लाठियों और काँच की बोतलों से उसकी पिटाई की।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दलजीत की बर्बरता से पिटाई की गई। दलजीत के दोस्तों ने यह भी दावा किया कि आरोपियों ने समूह से नकदी और दो मोबाइल फोन छीन लिए।